कार में लगी आग, फाइनेंसर व उसका दोस्त बचे
मेरठ। कैंट स्टेशन के पास शनिवार रात स्विफ्ट डिजायर कार में आग लग गई। उसमें सवार फाइनेंसर और उसका दोस्त गाड़ी से कूद गए। आग की सूचना पर सदर पुलिस और फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। फायरब्रिगेड ने आग बुझाई।
रुड़की रोड स्थित विवेक विहार निवासी भरत पुत्र राजपाल सिंह अपने दोस्त शिवांग को छोड़ने स्विफ्ट डिजायर से कैंट स्टेशन जा रहे थे। भरत का दिल्ली रोड पर फाइनेंस का ऑफिस है। कैंट स्टेशन के पास चलती गाड़ी में अचानक आग लग गई। आग लगते ही भरत और उसका दोस्त गाड़ी से कूद गए। देखते-देखते ही गाड़ी धू-धू करके जलने लगी। सूचना पर एसओ सदर बाजार विजय गुप्ता और फायरब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। गाड़ी में सीएनजी किट लगी थी।