रोडवेज बस की टक्कर से कार चालक की मौत, दूसरा घायल
खरखौदा। मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात रोडवेज बस ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। जिसमें कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक ने रात में ही उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शुक्रवार देर रात कार सवार सबली हापुड़ निवासी मोहित पुत्र मांगेराम व हापुड़ निवासी चंद्रदीप दोनों ही मेरठ से एक शादी समारोह से वापस लौट रहे थे। जब वह मेरठ-बुलंदशहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव धनौटा लोहिया फार्म हाउस के पास पहुंचे तो बुलंदशहर की ओर से तेज गति से आ रही सोहराब गेट डिपो की बस ने उनकी अल्टो कार में टक्कर मार दी। जिसमें कार चला रहे मोहित व चंद्रदीप दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान रात में ही मोहित (25) ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे युवक की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। उधर, मृतक युवक के पिता ने आरोपी रोडवेज बस चालक के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।