मुजफ्फरनगर में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसों में किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उधर, हादसों की सूचना मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया।
मंसूरपुर थाना क्षेत्र के गांव पुरा निवासी नरेश (32) पुत्र बिजेंद्र मंसूरपुर डिस्टलरी में ठेकेदार के साथ काम करता था। बुधवार देर रात ड्यूटी खत्म कर वह साइकिल से घर लौट रहा था। मंसूरपुर में चौराहे के निकट सड़क पार करते वक्त तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक कार लेकर फरार हो गया, जबकि गंभीर रूप से घायल नरेश को बेगराजपुर स्थित मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंचे परिजन शव को लेकर डिस्टलरी पहुंचे और आर्थिक सहायता की मांग की। पुलिस-प्रशासन के सहयोग से डिस्टलरी प्रबंधन ने पीड़ित परिजनों को आर्थिक सहायता का आश्वासन दिया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई प्रवीण ने कार चालक के खिलाफ हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उधर, हाईवे पर ही गुरुवार सुबह करीब 8.30 बजे गांव नरा जड़ौदा निवासी वासु (16) पुत्र सुनील सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान हाईवे से गुजर रही सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे चपेट में ले लिया। इसमें वासु गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी कब्जे में ले लिया है। किशोर के पिता की ओर से पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/