फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

‘तीसरी आंख’ ने पकड़े बदमाश, पर पुलिस की गिरफ्त से दूर, शहर में लगे हैं अनगिनत सीसीटीवी कैमरे

Sun, 02 Jun 2019 02:57 PM IST
Dimple Sirohi गजेंद्र चौधरी, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
सीसीटीवी में कैद बदमाश - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मेरठ शहर का अधिकांश हिस्सा ‘तीसरी आंख’ यानी सीसीटीवी कैमरों ने कवर किया हुआ है। लेकिन फिर भी बदमाश पकड़ से दूर हैं। शहर में मुख्य चौराहों, शहर से हाईवे तक या फिर संवेदनशील-अतिसंवेदनशील इलाकों की बात करें, वहां पुलिस द्वारा 97 सीसीटीवी कैमरे लगाए हुए हैं। बाकी जगहों पर सुरक्षा की दृष्टि से कॉलोनी, बाजार, दुकान यहां तक कि घरों के बाहर और अंदर भी लोगों ने निजी कैमरे लगाए हुए है। कहीं पर कुछ छिपना आसान नहीं है। 

विज्ञापन


शहर में बीचोबीच दर्जनों ऐसी वारदात हैं, जिसमें बदमाश कैमरे में कैद हुए। लेकिन पुलिस उन तक नहीं पहुंच पाई। हाल में कागजी बाजार, लालकुर्ती, भगत सिंह मार्केट सहित कई जगहों पर ऐसी कई आपराधिक वारदात हुईं, जिसमें बदमाशों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई दिए। बावजूद उक्त बदमाश पुलिस के हत्थे नहीं चढ़े। इसको लेकर कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है।

दिनदहाडे़ सराफा कारीगरों को लूटा 
21 मई, रविवार,
घटनास्थल कागजी बाजार। हथियारों से लैस चार बदमाशों ने दिनदहाड़े सराफ की दुकान में घुसकर कारीगरों को लूट लिया। चारों बदमाश एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हैं। इसके बावजूद भी पुलिस उक्त बदमाशों तक नहीं पहुंच पा रही। पुलिस दावा करती है कि तमाम प्रयास के बावजूद भी बदमाशों की पहचान नहीं हो रही। जबकि बदमाशों के चेहरे फुटेज में साफ दिखाई दे रहे हैं। 

भगत सिंह मार्केट में गुंडागर्दी 
23 मई, गुरुवार,
शहर के अतिसंवेदनशील क्षेत्र हापुड़ अड्डा स्थित भगत सिंह मार्केट में दुकान में घुसकर दूसरे समुदाय के पांच-छह युवक एक दुकानदार को पीटते है। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। मारपीट करने वाले आरोपी युवकों के चेहरे भी साफ दिखाई दे रहे हैं। दुकानदार ने मारपीट और लूटपाट करने का आरोप लगाया था। इसके बावजूद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की। 

जानलेवा हमला, तोड़फोड़ 
छह मई, मंगलवार,
पीएल शर्मा रोड स्थित इंपीरियम सैलून में 7-8 बदमाश पहुंचते है। सैलून मालिक शाहनवाज और उसके सहायकों की पिटाई करते हैं। मारपीट और तोड़फोड़ हुई। सीसीटीवी कैमरे में आरोपियों द्वारा की गई वारदात कैद हो गई। पीड़ित दुकानदार और सहायक आज भी दहशत में हैं। पुलिस ने एक स्कूटी पकड़ी, लेकिन बदमाश नहीं ढूंढ पायी। 
विज्ञापन

वह ‘गुंडा’ कहां गया
24 अप्रैल, बुधवार, लिसाड़ीगेट क्षेत्र में एक शोहदे ने सरेआम किशोरी से छेड़छाड़ की। कनपटी पर पिस्टल लगाकर यह गुंडा किशोरी के कपड़े खींचता सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ। इसका वीडियो भी वायरल हुआ। केस दर्ज हुआ, इसके बावजूद पुलिस ने उसको जेल नहीं भेजा। इसको लेकर भी पुलिस की काफी किरकिरी हुई। 

कैप्टन की गाड़ी पर पथराव करते दिख रहे आरोपी
खड़ौली गांव में एक महीने पहले आर्मी कैप्टन बालेश्वर त्यागी पर पत्थरबाजी व फायरिंग का मामला। जिसमें पुलिस आरोपियों का सुराग नहीं लगा पाई। कैमरे में कैद हुए आरोपी। वहीं कंकरखेड़ा के फाजलपुर में एक माह पहले बदमाशों ने माधवपुरम निवासी सराफ को लूटा था। दो बदमाश सीसीटीवी में भी कैद हुए। बावजूद पुलिस बदमाशों को पकड़ने में फेल साबित हो गई। 

सभी की तलाश जारी है
कई वारदातों में दूसरे जिलों के बदमाश शामिल होना सामने आए हैं। जिन बदमाशों के चेहरे सीसीटीवी कैमरे में साफ दिखाई देते हैं, वह भाग जाते हैं। बदमाशों की तलाश जारी है। -नितिन तिवारी, एसएसपी 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें