कैंटोमेंट बोर्ड सीईओ राजीव श्रीवास्तव के मोबाइल से एक व्हाट्सएप ग्रुप पर आपत्तिजनक फोटो डाले जाने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। वकील सीईओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग लेकर आईजी व फिर एसएसपी ऑफिस पहुंचे। एसएसपी ने मामले में जांच एसपी क्राइम को सौंप दी है।
सीनियर अधिवक्ता रामकुमार शर्मा शुक्रवार दोपहर कुछ अधिवक्ताओं के साथ आईजी ऑफिस पहुंचे। वकीलों ने आईजी को शिकायती पत्र देकर कैंटोमेंट बोर्ड सीईओ राजीव श्रीवास्तव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। आरोप लगाया कि सीईओ ने 20 दिसंबर को एक रिपोर्टर के व्हाट्सएप ग्रुप पर महिलाओं की मर्यादा को तार तार किया है। 20 से अधिक आपत्तिजनक फोटो ग्रुप पर सीईओ के मोबाइल नंबर से डाले गए।
इस ग्रुप में पुलिस, प्रशासन, अधिवक्ता, व्यापारी और चार महिला पार्षद समेत 114 लोग जुड़े है। वकीलों ने उक्त फोटो भी आईजी को दिखाए। आईजी ने एसएसपी को जांच करने की बात कहकर कार्रवाई की बात कही। उसके बाद वकीलों का एक प्रतिनिधि मंडल एसएसपी ऑफिस में पहुंचा। एसएसपी के मौजूद न होने पर वकील एसपी क्राइम शिवराम यादव से मिले और उन्हें भी शिकायती पत्र सौंपे कार्रवाई की मांग की।
एसपी साहब, आप भी ग्रुप में हो
जिस ग्रुप में अश्लील फोटो डाले गये हैं, उसमें एसपी क्राइम भी जुड़े हैं। वकीलों ने सीईओ पर केस दर्ज कराने की बात करते हुए कहा कि साहब आप भी इस ग्रुप में हो। इतना सुनते एसपी क्राइम ने तुरंत अपना मोबाइल पर व्हाट्सएप ग्रुप देखा। जिसमें अश्लील फोटो थे। यह देखकर एसपी क्राइम ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन वकीलों को दिया।