चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय कैंपस में छात्रों की मिली-जुली सरकार बन गई। अध्यक्ष पद पर रालोद-एनएसयूआई पैनल के विजय सिंह राणा ने जीत दर्ज की। वहीं उपाध्यक्ष व महामंत्री पद एबीवीपी के खाते में गया। संयुक्त सचिव व कोषाध्यक्ष पद पर समाजवादी छात्रसभा ने परचम लहराया। विजयी प्रत्याशियों को कुलपति प्रोफेसर एनके तनेजा ने शपथ ग्रहण कराई। समर्थकों ने विवि के अंदर से लेकर बाहर गेट तक जमकर जश्न मनाया। पदाधिकारियों को पुलिस ने सुरक्षा में घर छुड़वाया।
छात्रसंघ चुनाव के लिए शुक्रवार सुबह आठ बजे से लेकर दोपहर दो बजे तक वोट डाले गए। सुबह कड़ाके की सर्दी में भी छात्र समय से वोट डालने पहुंच गए। चुनाव में छात्राओं ने भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। दोपहर दो बजे तक मतदान हुआ। कुल 3446 वोटों में 2213 वोट डाली गईं। शाम तीन बजे से मतगणना शुरू हुई, जो करीब साढ़े पांच बजे तक चली। करीब पौने छह बजे विजयी प्रत्याशियों की घोषणा की गई। अध्यक्ष पद पर रालोद-एनएसयूआई के विजय सिंह राणा, उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के हंस चौधरी, महामंत्री पद पर एबीवीपी के प्रशांत पटेल, संयुक्त सचिव पद पर समाजवादी छात्रसभा की आफरीन अनीस और कोषाध्यक्ष पद पर छात्रसभा के वैभव पांडेय ने जीत हासिल की।
अध्यक्ष पद पर कड़ा रहा मुकाबला
अध्यक्ष पद पर कड़ा मुकाबला रहा। विजयी प्रत्याशी विजय सिंह राणा को 727 वोट मिले, जबकि दूसरे नंबर पर रहे समाजवादी छात्रसभा के आनंद प्रकाश सिद्धार्थ को 725 वोट मिले। तीसरे नंबर पर रहे एबीवीपी के रोहित कुमार नानपुर को 711 वोट हासिल हुए।