भारत विकास परिषद की कार्यशाला में राष्ट्रीय-क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने साझा किए विचार
मेरठ। भारत विकास परिषद हस्तिनापुर प्रांत की प्रांतीय कार्यशाला का आयोजन रविवार को सुभारती यूनिवर्सिटी के मूट कोर्ट लॉ कॉलेज में हुआ। इसमें हस्तिनापुर प्रांत की बत्तीस शाखाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने उपेक्षित परिवारों की मदद करने पर जोर दिया।
कार्यशाला का शुभारंभ भारत माता और स्वामी विवेकानंद के चित्रों पर पुष्पांजलि व दीप जलाकर हुआ। राष्ट्रीय गतिविधि सह संयोजक सेवा अनुराग दुबलिश, क्षेत्रीय महासचिव राजीव गोयल, क्षेत्रीय वित्त सचिव राजेंद्र कुमार गुप्ता और क्षेत्रीय संगठन सचिव शरत चंद्रा सहित कई राष्ट्रीय व क्षेत्रीय पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रांतीय अध्यक्ष सरल माधव ने कार्यशाला की अध्यक्षता की और अतिथियों का स्वागत किया। प्रांतीय महासचिव मुकेश चंद्र गुप्ता ने परिचय कराया।
अनुराग दुबलिश ने भारत विकास परिषद के नियम, प्रोटोकॉल और समाज के उपेक्षित वर्ग के परिवारों को गोद लेकर उनकी सेवा करने पर जोर दिया। राजीव गोयल ने शाखा स्तर पर कार्यशालाओं के आयोजन और सदस्य संख्या बढ़ाने के उपायों पर प्रकाश डाला। सत्येंद्र मित्तल, राजेंद्र कुमार गुप्ता, लता शर्मा और जगदीश पालीवाल ने भी विभिन्न गतिविधियों पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम में प्रांतीय दायित्वधारियों हर्षवर्धन जैन और शास्त्रीनगर शाखा के अध्यक्ष राकेश बिंदल, सचिव राजीव शर्मा, कोषाध्यक्ष नरेश कुमार वर्मा, अमिता अरोड़ा सहित नगर इकाई मेरठ के दिनेश गोयल, मनोज गोयल, दीप्ति सिंह और यतेंद्र शर्मा का सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ।