संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सनातन धर्म इंटर कॉलेज सदर के मैदान पर चल रही घनश्याम मेमोरियल हॉकी प्रतियोगिता का समापन हो गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 वर्ग में फाइनल मैच एसडी सदर टीम व सीएबी कॉलेज टीम में खेला गया। मैच बेहद रोमांचक रहा। हाफ समय तक दोनों टीमें बराबरी पर खेल रही थीं। बाद में अतिरिक्त समय मिलने पर भी दोनों टीमों की ओर से कोई गोल नहीं हो सका। दोनों ही टीमों को संयुक्त रूप से विजेता घोषित किया गया।
वहीं, टूर्नामेंट में अंडर-17 वर्ग का फाइनल मुकाबला यंग्स जूनियर टीम एवं विजन एकेडमी के बीच खेला गया। यंग्स जूनियर टीम ने विजन एकेडमी टीम को 1-0 से हरा फाइनल में जीत लिया। मैच के 25वें मिनट में वंश गिरी ने निर्णायक गोल कर अपनी टीम को जीत दिलाई। मैच के बाद पंडित सौरभ शर्मा (सिवाया) ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया। समापन समारोह में नरेंद्र कुमार, विजेंद्र कुमार, आकाश चौहान, प्रीति चौहान, सीएबी खेल टीचर सुधीर सिंह, हर्षल शर्मा, कौशल चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे। प्रशिक्षक जोगिंदर सिंह ने सभी को शुभकामनाएं दीं।