तमंचा दिखाकर बदमाशों ने दो स्थानों पर बाइक और नकदी लूटी
मवाना। ढिकौली गांव निवासी दुकानदार से बिजलीघर के पास व खेड़की जदीद निवासी अनुज से रापन चौराहे के पास बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक लूट ली। बाद में ढिकौली निवासी दुकानदार की बाइक कुछ दूर आगे पड़ी मिली। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी है।
गांव ढिकौली निवासी इमरान पुत्र इमामुद्दीन की मवाना स्थित आजाद मार्किट में इलैक्ट्रोनिक्स की दुकान है। देर शाम 9.30 बजे दुकान बंद करने के बाद इमरान बाइक से जान मौहम्मद पुत्र आस मौहम्मद के साथ गांव वापस लौट रहा था। जैसे ही ये लोग ढिकौली रोड पर स्थित बिजलीघर के पास पहुंचे तो वहां पहले से खडे़ दो तीन लड़कों ने हाथ देकर रोका। इनके रुकते ही बदमाशो ने तमंचे तान दिए तथा बाइक व साढे़ छह हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ितों ने किसी प्रकार गांव में सूचना दी। गांव से लोग मौके पर पहुंचे तथा पुलिस को सूचना दी। वहीं बदमाशों को तलाश करने के दौरान कुछ आगे बाइक सड़क किनारे पड़ी मिली। जबकि बदमाशों का सुराग नहीं लग सका। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। थाना प्रभारी प्रेमचंद शर्मा का कहना है कि तहरीर मिलने में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गांव खेड़की जदीद निवासी अनुज पुत्र चमन सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि वह देर शाम बाइक से मेरठ से वापस अपने गांव लौट रहा था। जैसे ही वह राफन पुलिया के पास पहुंचा तो बदमाशों ने रास्ते में गन्ने की पुली डालकर मार्ग को अवरुद्ध कर रखा था। उसके रुकते ही बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक छीन ली व फरार हो गए। थाना प्रभारी का कहना है बाइक लूट की सूचना मिली है, वे मौके पर जा रहे हैं।