मेरठ के गंगानगर पुलिस ने फर्जी मार्कशीट बनाने गिरोह के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह 15 से 20 हजार रुपये में फर्जी मार्कशीट बना रहा था। पुलिस ने आरोपियों के पास से यूपी बोर्ड, हरियाणा बोर्ड, उत्तराखंड बोर्ड, देहरादून और गुवाहाटी के शिक्षण संस्थानों की भी मार्कशीट बरामद की है।
एसएसपी अजय साहनी व एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि दो युवक काफी समय से फर्जी मार्कशीट बनाने का काम कर रहे थे। शुक्रवार को दोनों युवक मवाना रोड स्थित एक स्कूल के सामने एक युवक को मार्कशीट देने आए थे।
जहां एसओ गंगानगर रवि चंद्रवाल ने दीपक शर्मा पुत्र राजकुमार शर्मा निवासी ग्राम रोरी थाना मोदीनगर व मनीष पुत्र प्रमोद कुमार निवासी डबल स्टोरी गोविंदपुरी थाना मोदीनगर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में बताया कि पिछले छह माह से दसवीं व बारहवीं की फर्जी मार्कशीट बना रहे थे।