मवाना। संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने थाने पहुंचकर मिल रोड पर हो रही ताबड़तोड़ आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई करने की मांग की।
संयुक्त व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष शैवाल दुबलिश के नेतृत्व में व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस क्षेत्राधिकारी से मिला। उन्होंने कहा कि शनिवार रात जिन दुकानों के ताले तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया। उन पीड़ित दुकानदारों के साथ एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं सदस्य भी एसआई नरेंद्र कुमार से मिले। बीते एक सप्ताह में मिल रोड पर एक खाद व्यापारी की दुकान बंद करने के दौरान थैला छीनने का प्रयास एवं फायरिंग, अमूल प्लांट के मुनीम से लूट का प्रयास व मारपीट तथा मिल रोड पर एक ही रात में पांच दुकानों के ताले तोड़ने आदि की वारदात हुई हैं। इस समय चारों तरफ सख्ती होने के बावजूद वारदात होने से व्यापारी दहशत में हैं। व्यापारियों ने रात्रि में दुकान के आगे वाहन खडे़ करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
महामंत्री मोहम्मद नदीम ने अतिक्रमण के लिए दुकानदारों के चालान करने पर विरोध किया। उन्होंने कहा कि जो भी जाम लगाते हैं उसमें व्यापारी का दोष कम है बल्कि अस्थायी अतिक्रमण जैसे ई-रिक्शा, ओवरलोड वाहन, ठेलियां और बिना किसी सिस्टम के चल रहे वाहन हैं। पुलिस सभी पर एक जैसी कार्रवाई करें। व्यापारियों ने समस्याओं पर सभी के साथ एकतरफा कार्रवाई करें, जनता को चोरी और जाम से निजात दिलाएं। ज्ञापन देने वालों में शैवाल दुबलिश, नदीम, राजवीर चौधरी, राजू गिरधरवाल, आकाश रस्तोगी, अकील अहमद, शहजाद, शोभित रस्तोगी, रिहान, शुभम दुबलिश, विनोद सैनी, गौरव रस्तोगी,पल्लव गुप्ता, असजद, जिया उल हक आदि उपस्थित रहे।