- पीड़ित परिवार ने एसएसपी ऑफिस पर दिया शिकायत पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। केसरगंज मंडी गेट नंबर-2 निवासी व्यापारी ईश्वरचंद्र कंसल व अन्य लोगों ने मंडी परिसर में बनी मस्जिद में हो रहे अवैध निर्माण का विरोध जताया था। आरोप है कि दूसरे समुदाय के कुछ लोगों से उन्होंने परिवार की जान का खतरा जताया है। व्यापारी ने बुधवार को एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को शिकायत पत्र दिया। मामला दो समुदायों से जुड़ा होने के कारण उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की है।
रेलवे रोड थाना क्षेत्र के केसरगंज मंडी निवासी ईश्वरचंद्र कंसल ने बुधवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देते हुए बताया कि मंडी परिसर में एक मस्जिद काफी समय से बनी हुई है। कुछ दिन पूर्व मस्जिद के ऊपरी हिस्से में अवैध रूप से निर्माण किया जा रहा था। मामले की जानकारी के बाद स्थानीय व्यापारियों व हिंदू संगठन ने इसका विरोध जताया था। जानकारी के बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य रुकवा दिया था।
उन्होंने कहा कि तीन दिन पूर्व वह सदर से मंदिर में पूजा कर वापस घर आ रहे थे। दिल्ली रोड पर कुछ युवकों ने उन पर टिप्पणी का प्रयास किया था। आरोप है कि निर्माण और विस्तार का विरोध करने पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों से उन्होंने परिवार की जान-माल का खतरा जताया है। उन्होंने एसएसपी से परिवार को सुरक्षा देने की मांग की है। सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि दिन व रात में पुलिस बल तैनात है। शिकायत पत्र पर लगे आरोपों की जांच की जाएगी।
-