.. एमएसएमई टीम की कार्यशाला में डिजिटल पंजीकरण और ऑनलाइन कारोबार की दी जानकारी
...उत्पादों को ऑनलाइन प्रदर्शित करने, नए ग्राहकों तक पहुंचने और निर्यात के अवसरों पर हुई चर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों, निर्माताओं, कारीगरों और व्यापारियों को डिजिटल बाजार से जोड़ने की दिशा में बृहस्पतिवार को मोहकमपुर फेज-1 स्थित आईआईए हॉल में एक दिवसीय डिजिटलीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। माई डेली गुड्स की ओर से आयोजित कार्यशाला में कारोबार को डिजिटल पहचान देने और सरकारी डिजिटल वाणिज्य मंच ओएनडीसी के माध्यम से नए बाजारों तक पहुंच बनाने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी रहे। विशेष अतिथि एनएसआईसी नई दिल्ली के उप महाप्रबंधक समीर अग्रवाल रहे। कार्यशाला का विषय स्थानीय व्यवसाय से डिजिटल बाजार तक सरकारी पोर्टल के माध्यम से रखा गया। इसमें उद्यमियों और व्यापारियों को डिजिटल वाणिज्य के महत्व, ओएनडीसी पर पंजीकरण, उत्पादों को ऑनलाइन प्रदर्शित करने और ग्राहकों तक पहुंचने के तरीकों की जानकारी दी गई।
बुलियन ट्रेड एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला में ओएनडीसी पर प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से डिजिटल बाजार की कार्यप्रणाली समझाई गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस तरह स्थानीय उत्पादों को डिजिटल मंच पर प्रदर्शित कर व्यापक बाजार तक पहुंचाया जा सकता है। इसके साथ ही सरकारी डिजिटल पहलों के माध्यम से नए बाजार तलाशने, आयात-निर्यात के अवसरों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की अपेक्षाओं पर भी चर्चा हुई।
उद्यमी अजय मित्तल ने बताया कि माई डेली गुड्स की टीम से मुदित मित्तल और नेहा मित्तल ने प्रतिभागियों को डिजिटल वाणिज्य से जुड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने ओएनडीसी आधारित डिजिटल बाजार का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। माइ डेली गुड्स को एमएसएमई टीम के तहत डिजिटलीकरण भागीदार के रूप में डिजिटल पंजीकरण और जागरूकता गतिविधियों में सहयोग की जिम्मेदारी दी गई है।
कार्यक्रम में अंकित सिंघल, सुमनेश अग्रवाल, तनुज गुप्ता, गौरव जैन, मुकुल जैन, राजीव गुप्ता, दीपक गोयल, अचल सिंघल, दीपक रस्तौगी, डॉ. बीबी अग्रवाल, चारु अग्रवाल, अनुजा अग्रवाल रहे।