संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। गांव बहोडूपुर निवासी संदिग्ध परिस्थितियों में जली विवाहिता की दिल्ली में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस संबंध में नामजद पति व ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया।
फलावदा थाना क्षेत्र के गांव खाता निवासी शबाना ने मवाना थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी में बताया था कि बेटी मुस्कान की शादी 2022 में गांव बहोडूपुर निवासी अब्दुल के साथ की थी। आरोप है कि ससुराल वाले मुस्कान से दो लाख रुपये की मांग लगातार करते आ रहे थे। बेटे साहिल ने 11 अप्रैल को 50 हजार रुपये अब्दुल को दिए थे। लेकिन दो लाख रुपये नहीं देने पर ससुराल वालों ने 19 अप्रैल को सभी ने मिलकर मुस्कान को जिंदा जला दिया था। किसी व्यक्ति की सूचना पर परिजनों ने मुस्कान को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से दिल्ली रेफर कर दिया था। सीओ ने बताया कि दिल्ली में इलाज के दौरान मुस्कान की शनिवार शाम मौत हो गई।
सीओ पंकज लवानिया ने बताया कि पति अब्दुल, ससुर सलीम, सास वशीला, जेठ नईम, जेठानी खुशी, देवर मोबिन, देवरानी अलीना, ननद शहजादी व ताहिर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है। जिसमें सास वशीला को पहले ही पुलिस गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वहीं पति अब्दुल और ससुर सलीम को भी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
-