एक महिला की हत्या करके उसका शव गुपचुप तरीके से दफना दिया गया। इस मामले में महिला के पूर्व पति व प्रेमी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मोहल्ला मीठाशहीद निवासी शेख इस्लामुदीन की पुत्री आयशा परवीन (24) ने मोहल्ला मिलकियान निवासी तसलीम के साथ पांच वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। उनकी एक बेटी भी है। कुछ समय बाद मोहल्ला लोहरान निवासी सलमान कुरैशी ने आयशा से नजदीकियां बढ़ाई और उससे मिलने जुलने लगा। आयशा ने अपने पति तसलीम से तलाक ले लिया। समझौते के अनुसार उसके पति तसलीम ने अपनी बेटी को अपने पास रख लिया। इस दौरान आयशा अपने प्रेमी सलमान के साथ रहने लगी और उस पर निकाह करने का दबाव बनाया।
सलमान उसे किरतपुर छोड़कर दिल्ली चला गया। वह दो बार प्रेमी सलमान के घर निकाह का प्रस्ताव लेकर भी गई, लेकिन सलमान के परिजनों ने उसको टरका दिया। एक सप्ताह पूर्व सलमान किरतपुर आया था। रविवार को आयशा ईद पर अपनी बहन के घर नगीना गई थी। वहां सलमान भी चला गया और आयशा को किरतपुर ले आया। रविवार की रात ही आयशा को जहर देकर मार दिया गया। पिता ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि आयशा को जहर देकर मार दिया गया और बिना बताए शव को सुर्पेुदे खाक कर दिया गया। इस्लामुदीन ने आयशा के पूर्व पति तसलीम व प्रेमी सलमान के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।