शहर में अवैध निर्माण और बिना स्वीकृति के विकसित की जा रही कॉलोनियों पर मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने बृहस्पतिवार को फिर बुलडोजर चला दिया। कंकरखेड़ा क्षेत्र में पावली खास और मोदीपुरम स्थित करीब 50 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया।
कंकरखेड़ा क्षेत्र में नरेश पाल, मोहित गोयल और सचिन शर्मा द्वारा बिना ले-आउट स्वीकृति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां बड़े स्तर पर विकास कार्य किए जा चुके थे, जिनमें सड़कों का निर्माण, बिजली के खंभे खड़े करना, नालियों का निर्माण, बाउंड्रीवाल और मुख्य गेट सहित अन्य संरचना शामिल थीं। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस बल और मेडा की टीम मौके पर पहुंची और पूरी कॉलोनी पर बुलडोजर चलाया गया।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई गई सड़कों को उखाड़ दिया गया, नालियों को तोड़ा गया और बिजली के खंभों को हटाया गया। साथ ही बाउंड्रीवाल, मेन गेट और अन्य निर्माण कार्यों को भी ध्वस्त कर दिया गया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों में विरोध किया, उनको कार्रवाई करने की बात कहकर हटाया गया। इस दौरान मेडा के प्रवर्तन प्रभारी अधिकारी, उप-प्रभारी प्रवर्तन, प्रवर्तन खंड का स्टाफ तथा सचल दस्ता भी मौके पर मौजूद रहा। उपाध्यक्ष मेडा संजय मीणा ने कहा कि अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों पर मेडा की कार्रवाई जारी रहेगी। बिना मानचित्र के कॉलोनी विकसित नहीं होने देंगे।