माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने शहर में चार अवैध कॉलोनियों पर मंगलवार को बुलडोजर चलाया। करीब 92 हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
मेडा की टीम ने पहले लोहिया नगर में हाजी हामिद द्वारा हापुड़ रोड पर 10 हजार वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही कॉलोनी के भीतर बनाई गई सड़कों को ध्वस्त कर दिया। दूसरी कार्रवाई पंकज चौधरी द्वारा लगभग 20 हजार वर्ग मीटर भूमि पर विकसित अवैध कॉलोनी के खिलाफ की गई। यहां कॉलोनी की सड़कों, भूखंडों की बाउंड्री वॉल और विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया। तीसरी कार्रवाई लिसाड़ी गेट उमर गार्डन में की गई। यहां अनिल और राशिद मलिक की ओर से करीब 50 हजार वर्गमीटर में अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी।इसके अलावा लोहियानगर के फतेउल्लापुर में शहजाद द्वारा अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी। यहां भी सड़कों व बाउंड्री वॉल को तोड़ दिया गया है। प्रर्वतन अधिकारी अर्पित यादव ने बताया कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।