ईद-उल-अजहा पर बकरों के साथ-साथ ऊंट और भैंसों की भी जमकर खरीदारी हुई। इस दौरान बाजार में एक से बढ़कर एक भैंसे देखने को मिले। सोमवार को मेरठ जिले के सरधना स्थित मढ़ियाई पशु पैंठ में मुर्रा नस्ल का भैंसा लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया।
हरियाणा के हिसार जिले से चौधरी बलराज सिंह और उनके भाई देशराज इसे लेकर पैंठ में पहुंचे थे। उन्होंने इसकी कीमत 15 लाख रुपये लगाई थी। इसके बाद पशु व्यापारियों ने बोली लगाना शुरू की। सात लाख से हुई बोली की शुरुआत 12 लाख रुपये तक जा पहुंची। हालांकि, इसके बाद किसी ने कीमत चढ़ाने की हिम्मत नहीं दिखाई। ऐसे में दोनों भाई भैंसा वापस ले गए।
गौरतलब है कि रविवार को मेरठ के इमलियान स्थित बकरा पैंठ में तीन लाख रुपये का भैंसा पहुंचा था। शेरा नाम के भैंसे को देखने के लिए खरीददार ही नहीं, बल्कि अन्य लोगों की भी भीड़ जुट गई। भैंसे की गले में नोटों की माला पहना रखी थी।
यह भैंसा इंचौली निवासी डेयरी संचालक मो. असलम का था, जो अपने भतीजे साजिद के साथ आए थे। भैंसा मालिक ने बताया कि मुर्रा नस्ल का यह भैंसा 28 महीने का है। वजन आठ क्विंटल से अधिक है। यह भैंसा 18 लीटर दूध, एक किलो चना, दो किलो मक्का और चार दर्जन केला और चारा रोज खाता है।