सकौती मिल में भैंसा-बोगी का संतुलन बिगड़ा, भैंसे का पैर टूटा
दौराला। सकौती चीनी मिल में शनिवार को गन्ने की तौल कराने के दौरान कांटे पर भैंसे का पैर फिसल गया, जिससे गन्ने से लदी बोगी पलट गई। हादसे में भैंसे का पैर टूट गया। किसान ने उपचार के लिए मिल प्रशासन से पैसों की मांग की तो मना कर दिया गया। जिस पर जिला पंचायत सदस्य के नेतृत्व में किसानों ने घेराव किया।
गांव टांडा निवासी कपिल शनिवार को अपनी भैंसा-बोगी लेकर सकौती चीनी मिल में गन्ना डालने गया था। चीनी मिल के कांटे पर गन्ने की तौल कराने के दौरान भैंसे का पैर फिसल गया। जिस कारण भैंसा-बोगी का संतुलन बिगड़ गया और बोगी पलट गई, जिससे भैंसे का पैर टूट गया। पीड़ित किसान ने गन्ना प्रबंधक से उपचार के लिए पैसों की मांग की। परंतु, मिल प्रशासन ने किसान से मिलने से इनकार कर दिया। जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य अंकित मोतला चीनी मिल पहुंचे और घेराव किया। इस पर मिल प्रबंधन ने सोमवार तक उपचार के लिए किसान को पैसे दिए जाने का आश्वासन दिया। अंकित मोतला ने कहा कि यदि सोमवार तक पैसे नहीं दिए गए तो चीनी मिल में धरना दिया जाएगा।