बसपा के पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के घर मंगलवार को पुलिस ने दबिश दी। पिछले चार दिन से पूर्व मंत्री के बेटे फिरोज उर्फ भूरा को तलाशने में पुलिस के खाली हाथ है। आज सुबह आलाधिकारी भी पूर्व मंत्री के घर पहुंचे। पूर्व मंत्री के आरोपी बेटे को तलाशने में अब आलाधिकारी भी जुट गए है। इससे पहले सोमवार को पुलिस ने याकूब के मीट प्लांट पर भी दबिश दी। लेकिन भूरा हत्थे नहीं चढ़ा। अब याकूब के घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है।
उल्लेखनीय है कि व्यापारी से मारपीट करने के आरोप में नामजद पूर्व मंत्री याकूब कुरैशी के बेटे फिरोज उर्फ भूरा और उसके गनर को पुलिस तीसरे दिन सोमवार को भी गिरफ्तार नहीं कर सकी। हालांकि, कोतवाली पुलिस ने उसकी तलाश में सोमवार को फिर याकूब का मीट प्लांट खंगाला। वहीं याकूब समर्थकों ने भी पुलिस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दे दी है।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल, इंस्पेक्टर कोतवाली यशवीर सिंह, एसओ देहलीगेट विजय गुप्ता ने फोर्स को लेकर हापुड़ रोड स्थित याकूब के मीट प्लांट पहुंचे। करीब एक घंटा तलाशी अभियान के बाद फोर्स लौट गई। पुलिस का दावा है कि फिरोज की लोकेशन हापुड़ रोड पर मिल रही थी। हालांकि पुलिस फोर्स याकूब के घर पर दबिश देने से डर रही है। पुलिस ने याकूब के घर को छोड़कर फिरोज की तलाश में कई जगहों पर दबिश देने का दावा किया। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना कि फिरोज को पकड़ने के हर प्रयास किए जा रहे हैं।
गनर का अभी तक पता नहीं
पूर्व मंत्री के घर पुलिस तैनात
फिरोज के साथ उसके दोनों निजी गनर कौन थे। इसका भी पुलिस अभी सुराग तक नहीं लगा सकी। पुलिस का कहना है कि फिरोज की गिरफ्तारी के बाद गनरों के नाम पता चलेंगे। दोनों गनरों को गिरफ्तार किया जाएगा व उनके शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की रिपोर्ट भी डीएम को भेजी जाएगी।
पुलिस की दबिश पर उलेमा की बैठक में निंदा
मस्जिद अबू-बकर शोहराब गेट पर उलेमा एवं आईम्मा हजरात और मुस्लिम संगठनों की संयुक्त बैठक में हापुड़ रोड स्थित हाजी हाफिज इमरान की फैक्ट्री मैसर्स अल-फहीम मीटैक्स पर पुलिस द्वारा दी गई दबिश पर रोष व्यक्त किया गया। कारी शफीकुर्रहमान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कहा गया कि पिछले कुछ दिनों से मुस्लिम नेता हाजी याकूब कुरैशी व उनके परिवार को निशाना बनाकर उत्पीड़नात्मक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि बढ़ते अपराधों पर से जनता का ध्यान हटाने के लिए पुलिस प्रशासन यह कार्रवाई कर रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम चरण में पुलिस कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को शोहराब गेट से शहर की तमाम मस्जिदों के आईम्मा, मदरसों के शिक्षकों एवं मुस्लिम संगठनों का मार्च शुरू होगा। इसके बाद डीएम व एसएसपी को ज्ञापन दिया जाएगा। बैठक में नायब शहर काजी जैनुर राशिददीन, मौलाना मसूद शाहीन जमाली, हाफिज शब्बीर, कारी अनवार, मौलाना असद जिलानी, मौलाना शान मौहम्मद, हाफिज जमाल, डा.राशिद अंसारी आदि मौजूद रहे।
चेतावनी के बाद जुलूस से निपटने के लिए पुलिस तैयार
पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
याकूब कुरैशी के पक्ष में आज (मंगलवार) को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शहर में जुलूस निकालकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन देने का एलान किया है। एसएसपी मंजिल सैनी का कहना कि जुलूस के दौरान कोई अराजकता हुई तो उससे सख्ती के साथ निपटा जाएगा। सुबह ही कोतवाली में पुलिस फोर्स तैनात कर दी जाएगी। एसपी सिटी और सीओ कोतवाली के साथ सोमवार रात एसएसपी ने मीटिंग कर प्लानिंग बनाई। वहीं याकूब के समर्थकों की घेराबंदी करने के लिए आधी रात को एसपी सिटी और सीओ कोतवाली ने फोर्स को बुलाकर प्लान तैयार किया।
सीओ कोतवाली दिनेश शुक्ल का कहना है कि फिरोज की तलाश में उसके मीट प्लांट और फिर लिसाड़ी गेट समेत कई जगहों पर दबिश दी थी। लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस तलाश में लगी है, जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/