मेरठ में रिटायर्ड कर्नल का बेटा शूटर प्रशांत बिश्नोई शहर के किन किन नामचीन लोगों से संपर्क में था, इसकी जांच डीआरआई ने शुरू कर दी। जिसमें एक बसपा के पूर्व विधायक के भांजे का नाम सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि बसपा नेता का भांजा अक्सर अपनी कोठी में लोगों को बुलाता और फिर विदेशी हथियारों से फायरिंग भी करता था।
शूटर प्रशांत बिश्नोई के एफबी अकाउंट और मोबाइल नंबरों की सीडीआर की उच्चस्तरीय टीम जांच पड़ताल करने में जुटी है। डीआरआई के आला अधिकारियों ने मेरठ में वन्य जीवों और विदेशी हथियारों की गंभीरता से जांच कराने के लिए कमेटी गठित कर दी। जांच टीम ने शूटर प्रशांत का रिकार्ड खंगाला तो मेरठ की एक पाश कॉलोनी में रहने वाले बसपा पूर्व विधायक के भांजे का नाम सबसे ऊपर आया। गुपचुप तरीके से बसपा नेता के भांजे की हिस्ट्री खंगाली तो वह चौंकने वाली है। बताया जा रहा है कि बसपा नेता का भांजा दुबई में रहता है। मेरठ में आता तो पार्टी होती थी, कई नामी चेहरे पार्टी में शामिल होते थे। विदेशी हथियारों से फायरिंग भी होती थी।
पूर्व मंत्री ने कराई मुलाकात
शूटर प्रशांत विश्नोई
शूटर प्रशांत की लखनऊ के बसपा के एक पूर्व मंत्री से गहरी दोस्ती थी। करीब सात साल पहले बसपा के पूर्व मंत्री से प्रशांत की एक वीआईपी पार्टी में मुलाकात हुई थी। उक्त मंत्री के जरिये ही बसपा नेता का भांजा प्रशांत से मिला था। कई बार प्रशांत ने अपनी कोठी में राजनीतिक लोगों को पार्टी भी दी है।
नेताओं का संरक्षण
डीआरआई के आला अफसरों ने रिटायर्ड कर्नल की कोठी से वन्य जीवों और हथियारों की विदेश तक तस्करी होने का अंदेशा जताया है। इस तस्करी में रिटायर्ड कर्नल के बेटे शूटर प्रशांत का कई नेता सहयोग भी करते थे। शूटर प्रशांत का उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में नेटवर्क फैला था।
विदेश में भी बताई गई अच्छी सेटिंग
शूटर प्रशांत विश्नोई के घर से वन्य जीवों की खाल बरामद
शूटर प्रशांत ने अपने दोस्त व राजनीतिक लोगों के जरिये विदेशों में भी अच्छी सेटिंग कर ली थी। डीआरआई के अफसरों को अंदेशा है कि वन्य जीवों और हथियारों के जखीरा पकड़ने के बाद प्रशांत विदेश भाग सकता है। क्योंकि प्रशांत पहले भी अपने दोस्तों के जरिये कई बार विदेशी यात्रा कर चुका है। प्रशांत के जानने वालों में कई लोगों के परिवार दुबई समेत कई अलग अलग देशों में रहते है। इस पर डीआरआई के अफसरों की नजर है।
एलआईयू के इनपुट में भी बसपा नेता का नाम
डीआरआई के अफसरों ने मेरठ पुलिस को इस प्रकरण से अलग किया हो, लेकिन लोकल एलआईयू भी इस मामले में प्रदेश सरकार को इनपुट भेज चुकी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि लोकल एलआईयू ने शूटर प्रशांत के नजदीकी लोगों के नामों की सूची बनाई है। एलआईयू की सूची में भी बसपा नेता का नाम बताया गया है।
कहीं तस्करी करके तो नहीं लाए गये थे तेंदुए
क्रिकेटर हरभजन के साथ प्रशांत की फोटो
पिछले तीन साल के अंदर जिले में दो बार तेंदुआ आया वह भी कैंट क्षेत्र में भीड़भाड़ वाले इलाके में। ऐसे में तेंदुआ कहां से आया और कैसे आया इसका भले ही पता नहीं चल सका हो। लेकिन रिटायर्ड कर्नल की कोठी से विदेशी हथियारों के जखीरे के बाद लैपर्ड की खाल मिलने के बाद जांच टीम सक्रिय हो गई है। 23 फरवरी 2014 को सदर थाना क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई दिया। इसके कारण पूरे शहर में दहशत रही। दूसरी बार तेंदुआ 12 अप्रैल 216 को मिलट्री हॉस्पिटल में जा घुसा। शहर के बीच में तेंदुओं के दिखाई देने से आशंका है कि कहीं तेंदुए की तस्करी तो नहीं की जा रही है।