जेल से छूटने के बाद बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा का उनके आवास मोदीपुरम पर गुरुवार को जोरदार स्वागत किया गया। पत्रकारों से वार्ता करते हुए योगेश वर्मा ने भाजपा और पुलिस-प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। पूर्व विधायक ने कहा 2 अप्रैल के बवाल में पुलिस-प्रशासन और भाजपाइयों ने निर्दोष लोगों को फंसाकर जेल में बंद किया। उन्होंने कहा पुलिस ने दलितों पर खूब अत्याचार किया। अब हम 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएंगे।
योगेश वर्मा ने कहा कि मेरे खिलाफ सभी विधायक एक हो गए। हर रोज जेल प्रशासन पर फोन कर दबाव बनाते थे कि विधायक को तबाह कर दो। आने वाले चुनाव में भाजपा को सबक सिखाया जाएगा। उन्होंने कहा बहन मायावती को देश की प्रधानमंत्री बनवाया जाएगा। लखनऊ में मायावती जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि 2 अप्रैल के बवाल में निर्दोष योगेश वर्मा पर कार्रवाई हुई है, दलितों पर अत्याचार किया गया।
वहीं योगेश वर्मा ने कहा कि लोगों से जातियां पूछकर उन पर डंडे बरसाए गए, जिन अधिकारियों ने यह काम किया है, जब बसपा की सरकार आएगी तब उन पर कार्रवाई की जाएगी। जो अधिकारी रिटायर्ड भी हो जाएंगे, उन्हें ढूंढकर कार्रवाई की जाएगी।