मेरठ। सरधना थाना क्षेत्र के ज्वालागढ़ में रोहित उर्फ सोनू के परिजनों से मिलने जाने की जानकारी पर पुलिस ने बसपा जिलाध्यक्ष मोहित जाटव को बृहस्पतिवार रात उनके वेदव्यासपुरी स्थित आवास पर नजरबंद कर दिया। सोनू की हत्या के बाद से ही जिलेभर के विपक्षी नेता पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
बृहस्पतिवार को मोहित जाटव के परिजनों से मिलने जाने की सूचना पर पुलिस महकमा हरकत में आ गया था। पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने पर मोहित जाटव ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ अन्याय हुआ है और पुलिस ने मामले में ठीक से कार्रवाई नहीं की है। उन्होंने जोर दिया कि हत्या में कई अन्य लोग भी शामिल हैं और उन सभी की जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।