रिश्तेदार के यहां शादी समारोह में आए युवक को मारपीट कर घायल किया। (मवाना)
मवाना (मेरठ)। थाना खतौली के गांव जंधेडी जाटान से रिश्तेदार के यहां मवाना शादी समारोह में शामिल होने आए दो भाइयों पर कुछ युवकों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।
गांव जंधेडी जाटान निवासी हर्षित ने तहरीर में बताया कि वह अपने भाई अजय के साथ रिश्तेदार के शादी समारोह में शामिल होने के लिए गोल्डन मंडप मवाना में आए थे। भाई मंडप में खाना खा रहा था। शाम 4:30 बजे कुछ अज्ञात लड़कों ने हाथों में लिए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से उस पर और उसके भाई पर हमला बोल दिया। जिससे हर्षित के सिर में और अजय के हाथ में चोट आई। शोर सुनकर लोग उनको बचाने आए। लोगों को आते देख आरोपी गाली गलौज करते हुए व जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी भेज दिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।