प्रॉपर्टी के विवाद में बहनोई को गोली मारी
मेरठ। प्रॉपर्टी के विवाद में जाकिर कॉलोनी पुलिस चौकी से तीन सौ मीटर की दूरी पर चमड़ा पैठ में सालों ने बाइक सवार बहनोई के बाजू में गोली मार दी। पुलिस ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ितों ने लिसाड़ी गेट थाने में तहरीर दी है।
प्रदीप शर्मा पुत्र देवेंद्र शर्मा निवासी एल ब्लॉक शास्त्रीनगर में एक प्रॉपर्टी डीलर के यहां नौकरी करते हैं। उनके बड़े भाई राहुल शर्मा की मौत पांच साल पहले हो गई थी। जिसके बाद उन्होंने अपने भाई की पत्नी नीतू से शादी कर ली थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद चला आ रहा था। सोमवार शाम सात बजे प्रदीप शर्मा हापुड़ रोड पर चमड़ा पैंठ के पास डॉक्टर के यहां दवाई लेने गए थे। इस दौरान स्कूटी पर उनका साला हिमांशु और दीपू वहां आए और गोली मारकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने सूचना देकर लिसाड़ी गेट पुलिस को मौके पर बुला लिया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। लिसाड़ी गेट थाने में पीड़ित परिवार ने नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि घायल का उपचार चल रहा है। जांच पड़ताल की जा रही है।
पहले भी की गई थी मारपीट
प्रदीप ने बताया कि उसके साथ 19 जनवरी को भी मारपीट की थी। एसएसपी से मिलकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। प्रदीप ने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं।