- आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र के न्यू इस्लाम नगर में शहजाद को घरेलू विवाद में जलाकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक के साले मोहम्मद आदिल निवासी ग्राम नरहाडा लोहियानगर, हाल निवासी उज्जवल गार्डन कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। वहीं परिजनों ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार करने की मांग रखी है।
एसपी सिटी गोपाल विनायक भोंसले ने बताया कि शहजाद (35) पत्थर लगाने का काम करता था। लगभग छह साल पहले उसकी पहली पत्नी यास्मीन की बीमारी से मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसने नरहाड़ा गांव की आबिदा से दूसरा विवाह किया था। गत सप्ताह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आबिदा ने अपने भाई आदिल, लालू और भाभी इमराना को मौके पर बुला लिया। इन सभी ने मिलकर शहजाद के साथ मारपीट की और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आसपास के लोगों ने आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे शहजाद को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया। लगभग पांच दिनों तक चले उपचार के बाद शहजाद की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक की मां सलमा की शिकायत पर पत्नी आबिदा, उसके भाई आदिल और लालू, भाभी इमराना के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने इस मामले में शुक्रवार को मोहम्मद आदिल को हापुड़ रोड़ से गिरफ्तार किया गया। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जो भी साक्ष्य सामने आएंगे, उस आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-