सरधना । नगर के मोहल्ला शियाबाग में करीब 15 दिन पहले विवाहिता नरगिस की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को देवर नईम को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया। हालांकि, पांच अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
20 जनवरी को मोहल्ला शियाबाग निवासी 23 वर्षीय नरगिस पुत्री इरशाद की फांसी लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। विवाहिता के पिता इरशाद निवासी गांव निराना थाना सिखेड़ा जिला मुजफ्फरनगर ने पति गुलबहार, ससुर सलमुद्दीन, देवर नईम, सास समीना, नंद तमन्ना, नंदोई सुहैल के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि आरोपियों ने नरगिस से दहेज में दहेज की मांग की थी। इस कारण आरोपी उसके साथ मारपीट करते थे। गुलबहार 19 जनवरी को उसे मायके से लेकर आया था। इसके बाद अगले दिन फांसी लगाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने आरोपी नईम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।