माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। सबसे सुरक्षित माने जाने वाले आबूलेन पर मंगलवार को कार से जा रहे भाई-बहन पर छह-सात युवकों ने सरेराह हमला कर दिया। उनकी कार में तोड़फोड़ की गई। युवकों ने पहले तो युवती से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर बेगमपुल से कार का पीछा कर फव्वारा चौक तक जमकर गुंडई की। पुलिस ने देर रात टीपीनगर निवासी एक आरोपी नकुल त्यागी को गिरफ्तार कर लिया।
इस दौरान पीछे चल रहे एक कार सवार ने युवकों की गुंडई का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद सदर बाजार थाना पुलिस ने युवती के भाई तहरीर पर छह-सात अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
गंगानगर थाना क्षेत्र निवासी युवक ने बताया कि मंगलवार शाम वह अपनी बहन के साथ कार से आबूलेन स्थित अपने रेस्टोरेंट पर जा रहा था। बेगमपुल से पहले नाले की पटरी पर दयानंद अस्पताल के सामने पहुंचे तो वहां स्कूटी सवार तीन युवकों ने भद्दे कमेंट्स किए और कार के शीशे पर हाथ मारने लगे।
उन्होंने युवकों का विरोध किया और मोबाइल से उनके फोटो खींच लिए। यह देखकर युवकों ने कार पर जोर से हाथ मरते हुए गाली-गलौच की। इस पर वह कार लेकर बेगमपुल से आबूलेन की ओर चल दिया। आरोप है कि स्कूटी सवार युवकों ने कार का पीछा किया और निशात सिनेमा के सामने उन्होंने और उनके तीन-चार दोस्तों ने कार रोककर हमला कर दिया।
युवक ने आरोप लगाया कि कार नहीं रोकने पर एक युवक बोनट पर बैठ गया और आगे का शीशा तोड़ और साइड मिरर तोड़ दिया। दोनों भाई-बहन घबरा गए लेकिन कार नहीं रोकी। जब वह फव्वारा चौक पर पहुंचे तो जाम के कारण कार रोकनी पड़ी। इसी दाैरान तीन-चार युवक पीछे भागते हुए आए और कार में फिर तोड़फोड़ की। उन्होंने वहां पड़ी ईंट उठाकर कार के पीछे का शीशा भी तोड़ दिया। युवक सरेराह गुंडई करते रहे और पूरा बाजार तामीशबीन बना रहा। जाम खुला तो युवक किसी तरह कार लेकर भागा। वहीं आरोपी हमलावर भी जान से मारने की धमकी देकर स्कूटी व अन्य वाहनों पर सवार होकर भाग गए। घटना के समय ही एक अन्य कार सवार ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी
बेगमपुल से लेकर फव्वारा चौक तक करीब 20 मिनट युवकों ने सरेराह खूब गुंडई की लेकिन पुलिस यहां दिखाई नहीं दी। आरोपी लगातार कार पर हमला करते रहे और खूब गाली गलौच की। सोशल मीडिया पर वारदात वायरल होने पर अफसरों ने इसका संज्ञान लिया। इसके बाद सदर बाजार थाना पुलिस ने पीड़ित की ओर से प्राथमिकी दर्ज की। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और आबूलेन में लगे सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। कुछ युवक रोहटा रोड के बताए गए हैं। आरोपियो की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। टीपी नगर निवासी एक आरोपी नकुल त्यागी को गिरफ्तार किया है। आरोपी एलएलबी का छात्र है।