पाइप लाइन डाले जाने के बाद सडक में जगह जगह बने गड्ढे। (मवाना)
- एसडीएम ने जल निगम को दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर जल योजना जल निगम के अधिकारियों और ठेकेदारों की घोर लापरवाही के कारण नगर के निवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। पूरे नगर में पाइपलाइन डालने के नाम पर सड़कों को बेरहमी से खोदा गया, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उनकी तकनीकी रूप से सही मरम्मत नहीं की गई। इस पर संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी ने जल निगम के सहायक अभियंता को आगामी कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सड़कों को पूरी तरह ठीक कर गड्ढा मुक्त बनाने के निर्देश दिए हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि हर घर जल योजना के तहत पूरे नगर में महीनों तक खुदाई का दौर चला। पाइपलाइन डालने के बाद ठेकेदारों ने सड़कों को बंद करने की औपचारिकता पूरी कर ली। वर्तमान मानसून सत्र की शुरुआती बारिश ने ही जल निगम के दावों और कार्य की गुणवत्ता की पोल खोलकर रख दी है। पानी पड़ते ही बैठ चुकी मिट्टी के कारण कई स्थानों पर सड़क धंस गई और नगर में रिहायशी इलाकों की गलियों तक में जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं। सड़कों के टूटने की समस्या सिर्फ बारिश तक सीमित नहीं है, बल्कि पाइपलाइन बिछाने में की गई तकनीकी खामियों के कारण नगर के दर्जनों स्थानों पर भूमिगत पाइपलाइन लीक हो रही है।
इस लीकेज को ठीक करने के नाम पर जल निगम के कर्मचारी आए दिन नए गड्ढे खोद देते हैं और मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति कर देते हैं। मुख्य बाजारों की सड़कों पर बने ये गड्ढे अब हादसों का केंद्र बन चुके हैं। विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालक और साइकिल सवार इन गड्ढों में गिरकर हर दिन चोटिल हो रहे हैं।
उपजिलाधिकारी संतोष कुमार सिंह ने जल निगम के सहायक अभियंता अभिषेक गौतम को कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले ही गड्ढे आदि भरवाने के आदेश दिए हैं।
पाइप लाइन डाले जाने के बाद सडक में जगह जगह बने गड्ढे। (मवाना)