सरधना। द्रोण पब्लिक स्कूल में आयोजित एनसीसी शिविर में ब्रिगेडियर ने कैडेट्स के साथ प्रशिक्षण
सरधना। द्रोण पब्लिक स्कूल में चल रहे उत्तर प्रदेश डायरेक्टरेट एनसीसी कैंप बृहस्पतिवार को विविध गतिविधियों के साथ संपन्न हो गया। कमांडेंट कर्नल नीरज चौधरी व डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट कर्नल दिव्या सिंह ने बताया कि प्रात:कालीन सत्र में कैडेट्स के लिए शारीरिक प्रशिक्षण और ड्रिल अभ्यास कराया गया, जो न केवल फिटनेस बल्कि अनुशासन का भी महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
कैंप के सातवें दिन पीटी व ड्रिल के माध्यम से कैडेट्स के शारीरिक स्वास्थ्य एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया। मेरठ एनसीसी ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर नवीन राठी ने कैंप का निरीक्षण किया। उन्होंने थल सैनिक कैंप की तैयारी कर रहे कैडेट्स की मैप रीडिंग, ड्रिल, फायरिंग, जजिंग डिस्टेंस व लिविंग एरिया आदि की समीक्षा की। साथ ही, ड्रोन कैमरा संचालन की जानकारी भी साझा की। कैंप परिसर में पौधरोपण भी किया गया, जिसमें कर्नल नीरज चौधरी, लेफ्टिनेंट कर्नल दिव्या सिंह एवं द्रोण पब्लिक स्कूल के प्रबंधक संजय त्यागी ने भाग लिया। साथ ही छात्रों को एनसीसी में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य डॉ. निधि सहगल, एनसीसी एएनओ सियानंद पतंजलि, मोहम्मद आदिल, दीपक यादव, कपिल शर्मा उपस्थित रहे।