- अलेक्जेंडर एथलेटिक्स क्लब में आज होंगे पेयर वर्ग के मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। अलेक्जेंडर एथलेटिक्स क्लब में चल रही 54वीं यूपी स्टेट ब्रिज टूर्नामेंट में शनिवार को सुपर लीग में एस रॉयल ने बाजी मार ली है। एस रॉयल ने पहला स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा सिल्वर इवेंट में दिल्ली ब्लूस की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। रविवार को पेयर वर्ग में मुकाबले होंगे और सभी वर्गों के विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा।
सुपर लीग मुकाबलों में एस रॉयल ने 78.46 अंक प्राप्त कर पहला स्थान प्राप्त किया। 61.92 अंक के साथ ग्लेडिएटर यूपी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। एलेक्जेंडर क्लब यूपी की टीम ने 53.66 अंक के साथ तीसरा, ट्राईकॉलर टाइटंस की टीम ने 39.67 अंक के साथ चौथा स्थान पाया। एंडेवर ने 33.49 अंक के साथ पांचवां और जय जवान जय किसान ने 32.80 अंक के साथ छठा स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा सिल्वर इवेंट में दिल्ली ब्लूस ने 79.95 का स्कोर कर पहला स्थान प्राप्त किया और इवेंट अपने नाम किया। लखनऊ ब्लूस यूपी की टीम 79.44 अंक प्राप्त करके दूसरे और आरएस मिश्रा टीम यूपी 78.58 अंक के साथ तीसरे स्थान पर रही। रविवार को पेयर वर्ग के मुकाबले होंगे और शाम को प्रतियोगिता के समापन पर सभी विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर पुलक गर्ग, संजय जैन, संजय कुमार, राकेश गोयल, अमन अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
-
डॉ. निकिता एशिया कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी
मेरठ। मूल रूप से आगरा की रहने वाली जानी मानी नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. निकिता यहां अलेक्जेंडर एथलेटिक्स क्लब में हो रहे टूर्नामेंट में हिस्सा लेने मेरठ पहुंचीं। डॉ. नीकिता पिछले आठ वर्षों से देश-विदेश में ब्रिज टूर्नामेंट खेलकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। अब उनका चयन अगले माह होने वाले एशिया कप के लिए भारत की टीम में हुआ है। ट्रायल के बाद उनका चयन मिक्स पेयर में हुआ है।
डॉ. निकिता वर्तमान में दिल्ली में रहती हैं। इससे पहले भी वह भारत की ओर से जोर्डन, चीन आदि जगहों पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। पोलैंड में होने वाले वर्ल्ड ब्रिज टूर्नामेंट की भी तैयारी में जुटी हैं। पिछले 8-9 वर्ष से ब्रिज टूर्नामेंट में हिस्सा ले रही हैं। अलेक्जेंडर क्लब की ट्राॅफी तीन बार नाम दर्ज करा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार उद्यमी पुरुष खिलाड़ियों को स्पांसर करते हैं, उसी प्रकार महिला खिलाड़ियों को भी स्पांसरशिप मिलनी चाहिए। इससे महिला खिलाड़ियों को भी आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। वर्तमान में कोई भी टूर्नामेंट खेलने में लगभग एक लाख रुपये से अधिक खर्च हो जाते हैं। ऐसे में महिला खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन मिलना चाहिए।
30 से अधिक टूर्नामेंट खेल चुकी हैं प्रीति
जयपुर से मेरठ ब्रिज टूर्नामेंट में पहुंची प्रीति अपने पार्टनर डॉ. माथुर के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। वह कई बार नेशनल, स्टेट और लोकल टूर्नामेंट खेल चुकी हैं। अभी तक 30 से अधिक टूर्नामेंट में प्रतिभाग कर चुकी हैं। उन्होंने यहां मेरठ में हो रहे टूर्नामेंट की भी तारीफ की। उन्होंने भी कहा कि महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलना चाहिए। अधिक से अधिक टूर्नामेंट होने चाहिए, जिससे खिलाड़ी अधिक से अधिक प्रतिभाग कर सकें।