उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद में शादी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। परतापुर में हाईवे स्थित शिव मंदिर में शादी के सात फेरों के बाद ही दुल्हन एक लाख रुपये और कुछ जेवरात लेकर शादी समारोह स्थल से फरार हो गई। परिजनों से बात करने का बहाना बनाकर युवती मंदिर की दीवार फांदकर चली गई। घटना से हैरान दूल्हे पक्ष के लोगों ने पुलिस को तहरीर दी।
मोहम्मदपुर गूमी गांव जिला मुजफफरनगर निवासी देवेंद्र की काफी समय से शादी नहीं हो रही थी। शुक्रवार को प्रदीप निवासी मोदीनगर का फोन आया कि शादी करनी है तो एक लाख रुपये का इंतजाम कर लो। शनिवार को ही शादी हो जाएगी। देवेंद्र ने शनिवार की जगह रविवार को शादी करने के लिए कहा। इसके चलते रविवार को मोहिद्दीनपुर बाग स्थित शिव मंदिर में शादी समारोह तय किया गया।
देवेंद्र अपने परिवार के कुछ लोगों को लेकर पहुंच गया। शादी की रस्म के दौरान जब चार फेरे पूरे हुए तो दुल्हन ने तय किए गए एक लाख रुपये मांगे। पैसा लेने के बाद उसने जेवरात की भी मांग की। फिर सात फेरों को पूरा किया। इसके बाद युवती अपने परिजनों से कमरे में बात करने का बहाना बनाकर वहां से चली। कुछ ही देर में युवती ने मंदिर की दीवार फांद दी और नकदी एवं जेवरात लेकर भाग गई।
यह भी पढ़ें: सनसनीखेज खुलासा: सुसाइड नोट से खुला चाची-भतीजे की मौत का बड़ा राज, पुलिस अफसर भी हैरान
युवती के साथ आई मौसी और एक अन्य व्यक्ति भी दुल्हन की तलाश करने के बहाने से भाग गए। काफी देर इंतजार करने के बाद देवेंद्र ने उनके नंबर पर फोन किया तो झांसा दिया जाता रहा। परेशान होकर दूल्हा पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। लुटेरी दुल्हन के ऐसे मामले पहले भी कुछ जिलों में सामने आ चुके हैं।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/