सहारनपुर। बुधवार को विदा होने से पूर्व दुल्हन बनी साक्षी उर्फ गरिमा अपने पति केहर सिंह के साथ पोलिंग बूथ पर वोट डालने पहुंची। इस कारण साक्षी की डोली दो घंटे की देरी से उठी। चौधरी कालोनी निवासी अधिवक्ता ठाकुर सुरेंद्र पाल सिंह की पुत्री साक्षी उर्फ गरिमा की मंगलवार रात में शादी थी। उसके लिए मेरठ के गढ़ रोड स्थित खेड़की पट्टी निवासी दूल्हा सुरेश तोमर पुत्र केहर सिंह यहां पहुंचा। शादी की सभी रस्में धूमधाम से संपन्न हुई। बुधवार सुबह निकाय चुनाव का अंतिम चरण होने के कारण साक्षी ने विदाई से पूर्व अपने मताधिकार का प्रयोग करने की इच्छा जताई। इस पर परिजनों ने हामी भर दी। साक्षी अपने पति केहर सिंह और अन्य परिजनों के संग खंड विकास कार्यालय में बने पोलिंग बूथ नंबर 19 पर पहुंची और मताधिकार का प्रयोग किया। साक्षी ने कहा कि स्थानीय सरकार के गठन में भागेदारी कर उसे स्वयं पर गर्व महसूस हो रहा है। इसके चलते करीब दो घंटे देरी से साक्षी की विदाई की गई। पिता सुरेंद्र पाल सिंह ने कहा कि वह बेटी के निर्णय से बेहद खुश हैं।
पढ़ें : निकाय चुनाव 2017: सहारनपुर-बागपत में बंपर वोटिंग, इतने फीसदी रहा मतदान
उधर, शिक्षक नगर निवासी सुदेश कुमार उर्फ मंगू के पुत्र हरीश की भी शादी थी। वह भी घुड़चढ़ी खत्म होने के फौरन बाद अपना वोट डालने के लिए शिक्षक नगर में बने मतदान स्थल पर पहुंचा। वोट डालने के बाद हरीश अपनी दुल्हन कोमल से शादी रचाने के लिए खैरशाल (जहानखेड़ा) रवाना हुआ।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/