मेरठ। तेजगढ़ी चौराहे के पास नया वेंडिंग जोन बनाकर 93 दुकानदारों को शिफ्ट करने की नगर निगम ने योजना तैयार कर ली है। सोमवार को दुकानदारों को सर्किट हाउस में बुलाकर नगर आयुक्त ने इसका आश्वासन दिया है। यह प्रकरण हाईकोर्ट में विचाराधीन है। याचिकाकर्ता लोकेश खुराना का कहना कि नगर निगम तेजगढ़ी के पास बने वेंडिंग जोन की दुकान खाली नहीं करा पाया। अब फुटपाथ पर अन्य दुकान बनाने की तैयारी की जा रही है।
शास्त्रीनगर नई सड़क पर खसरा संख्या 6041 पर नगर निगम की बिल्डिंग का निर्माण चल रहा है। इस जमीन पर 93 से ज्यादा दुकान थी, जिसको खाली कराकर निगम ने तेजगढ़ी चौराहे के पास ही वेंडिंग जोन बनाया था। यहां पर दूसरे दुकानदार शिफ्ट हो गए, जबकि आवंटियों को दुकान नहीं मिली। उक्त दुकान खाली कराना नगर निगम के सामने चुनौती बना हुआ है।
15 दिन पूर्व निगम की टीम को विरोध के चलते वापस लौटना पड़ा था। इस प्रकरण को लेकर नगर आयुक्त ने दुकानदारों के साथ सर्किट हाउस में बैठक की। नगर आयुक्त ने एक सप्ताह में तेजगढ़ी चौराहे के पास ही सभी दुकानदारों को दूसरी जगह पर दुकान बनाकर आवंटित करने की बात कही है। जहां पर दुकानों के लिए वेंडिंग जोन चिह्नित किया गया है, वह फुटपाथ है। इसको लेकर सवाल उठ रहे हैं कि नगर निगम तेजगढ़ी चौराहे के पास फुटपाथ पर कैसे वेंडिंग जोन बना सकता है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त ममता मालवीय, पंकज कुमार, सहायक नगर आयुक्त शरद पाल आदि मौजूद रहे। नगर आयुक्त सौरभ गंगवार का कहना है कि आवंटियों को दुकान दी जाएगी। इसको लेकर दुकानदारों के साथ मंथन हुआ है।