कांठ(मुरादाबाद)। शिक्षक पर अश्लील फोटो वायरल करने का आरोप लगाकर उसकी गिरफ्तारी की मांग करने वाली 16 वर्षीय किशोरी अपने बुने जाल में खुद ही फंस गई। साइबर सेल से आई जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि किशोरी अपनी शिक्षिका मां की आईडी से ही खुद के फोटो वायरल कर रही थी। पुलिस ने इस मामले में किशोरी और उसकी शिक्षिका मां को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
मामला छजलैट थाना क्षेत्र के एक गांव का है। यहां की रहने वाली एक महिला बेसिक स्कूल में शिक्षिका है। उसकी तैनाती अमरोहा के एक स्कूल में है। शिक्षिका की 16 वर्षीय बेटी ने एक शिक्षक पर उसके अश्लील फोटो को वायरल करने का आरोप लगाते हुए अमरोहा में पहला मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें चार्जशीट भी लगी थी। आरोप था कि इसके बाद भी शिक्षक ने फोटो वायरल करना बंद नहीं किया। पिछले दिनों एसएसपी के आदेश पर साइबर थाने में भी किशोरी की शिकायत पर शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। एक के बाद एक आठ मुकदमे दर्ज करवाए गए, जिसकी विवेचना भी छजलैट थाने की पुलिस को दी गई थी।
इस मामले में छजलैट पुलिस ने साइबर सेल से रिपोर्ट मांगी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक छजलैट मनोज कुमार के अनुसार शुक्रवार को साइबर सेल से मिली जांच रिपोर्ट में इस प्रकरण का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार जो फोटो वायरल हुए वह किशोरी की मां की आईडी से हुए हैं। पुलिस के अनुसार किशोरी ने ही खुद के फोटो एडिट कर शिक्षक को फंसाने के लिए सोशल मीडिया पर वायरल कर रही थी। दबाव बनाकर वह शिक्षक से रुपये वसूलना चाहती होगी। रिपोर्ट में इसका खुलासा होने पर छजलैट पुलिस ने किशोरी और उसकी शिक्षिका मां को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि किशोरी को किशोर न्यायालय और उसकी मां को न्यायालय में पेश किया गया है।
15 दिन से छजलैट थाने के बाहर धरना दे रही थी किशोरी
किशोरी का आरोप था कि छजलैट पुलिस शिक्षक की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। इससे नाराज किशोरी 15 दिन से छजलैट थाने के बाहर धरने पर बैठी हुई थी। वहीं न्याय की आस में कई दिन तक शिक्षक भी परिवार के साथ छजलैट थाने के बाहर धरने पर बैठा रहा।