पकवा इनार। कुशीनगर मुख्य गेट पर एक चाय की दुकान पर शुक्रवार की शाम को दो गुटों के बीच मारपीट होने से वहां मौजूद पर्यटकों में भगदड़ मच गई। कुर्सियां और ईंट से एक दूसरे पर हमला करने लगे। इस दौरान किसी ने होटल संचालक के पीठ पर धारदार हथियार से वार कर दिया।
मारपीट के बाद पहुंची पुलिस को देख मारपीट करने वाले दूसरे गुट के युवक फरार हो गए। पुलिस ने घायल को कसया सीएचसी ले गई। प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टर कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दोनों गुटों में काफी दिनों से रार चल रहा है।
कसया थाना क्षेत्र के कुशीनगर नगर पालिका परिषद के गोपालगढ़ निवासी नवीन राव (27) पुत्र उपेंद्र राव होटल चलाते हैं। इस धंधे से जुड़े कसया नगर के दूसरे गुट से पुरानी रंजिश चल रही थी। इसको लेकर सोशल मीडिया पर एक दूसरे पर क्रिया-प्रतिक्रिया भी दे रहे थे। कुशीनगर गेट पर एक चाय की दुकान पर दोनों गुटों के बीच वार्ता हो रही थी। इस दौरान कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
सीओ पडरौना अभिषेक प्रताप अजय ने बताया कि मामले में गोपालगढ़ निवासी सत्यम सिंह, आकाश मिश्रा, कसया नगर के गोलबाजार निवासी मंटू मद्धेशिया, करन सोनकर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।