लकड़ियों में लगाई आग, मौके पर तैनात पुलिस बल
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के सहारनपुर में रविवार सुबह एक युवक की क्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। गुस्साए परिजनों ने युवक के शव को सड़क पर रखकर हंगामा कर दिया। घटना से आसपास के लोगों में भी आक्रोश पनप गया। गुस्साई भीड़ ने कई जगह तोड़फोड की और लकड़ियों में आग भी लगा दी। सूचना पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर भेजा गया।
थाना कुतुबशेर इलाके के कारगिल गेट के निकट एक अठारह वर्षीय लड़के की लकड़ी की आढ़त में इस्तेमाल होने वाली क्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार मृतक हन्नी वाल्मीकि समाज से था। घटना से इलाके में कोहराम मच गया। गुस्साए लोगों ने सहारनपुर-अंबाला हाइवे को भी जाम कर दिया। वाल्मीकि समाज के लोगों ने मंडी समिति रोड पर लकड़ी की आड़तों को लेकर भी विरोध किया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन हंगामा कर रहे लोगों ने शव को सड़क से नहीं उठने दिया। वहीं बवाल को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस फोर्स भेजा गया। कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और नगर निगम में सफाई कर्मी की नौकरी के आश्वासन दिया, जिसके बाद हंगामा शांत हुआ। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया ।
-इस खबर के बारे में आप और क्या जानना चाहते हैं। हमें फेसबुक पर जरूर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/