पल्हैड़ा शूटिंग रेंज पर शुरू हुई सांड़ की आंख की शूटिंग में लाइट..कैमरा..एक्शन के बीच अभिनेत्री तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने शनिवार को अंतिम दिन सीन शूट किए। तापसी ने 90 तो भूमि ने करीब 95 निशाने लगाए। उनके साथ फिल्म में विनीत ने कोच डॉ. राजपाल का रोल अदा किया है।
जौहड़ी गांव में शूटर दादी चंद्रो तोमर व प्रकाशो तोमर के जीवन पर आधारित फिल्म को मशहूर डायरेक्टर अनुराग कश्यप और तुषार हीरा नंदानी के निर्देशन में फिल्माया जा रहा है। फिल्म में दादी चंद्रों की भूमिका में भूमि पेडनेकर व प्रकाशो तोमर की भूमिका तापसी पन्नू निभा रही है। पूरी यूनिट सुबह आठ बजे शूटिंग रेंज पर पहुंची। तापसी पन्नू और भूमि पेडनेकर ने एयर पिस्टल से निशाने लगाए। दोनों अभिनेत्रियों ने घघरा, कमीज और दुपट्टा पहन रखा था। अभिनेत्रियों की झलक पाने के लिए बाहर दर्शकों की भीड़ रही। फिल्म की शूटिंग का शनिवार को अंतिम दिन था। फिल्म यूनिट में करीब 250 लोग शामिल हैं।
प्रिया और विनीत ने भी किए शूट
दादी चंद्रो देवी की बेटी सीमा तोमर का रोल अदा पृथ्वी बख्शी अदा कर रही हैं। इसमें दर्शाया गया कि उसने जौहड़ी से निकलकर कैसे शूटिंग में अपनी किस्मत अजमाई। इसके अलावा मुख्य किरदार की भूमिका में विनीत ने डॉ. राजपाल के रूप में कोच का रोल अदा किया। दोनों के ही शूट शूटिंग रेंज पर किए गए। महिला कोच की भूमिका में शूटर अंकुर की पत्नी आंचल मौजूद रही। साथ में शूटर शार्दूल विहान ने भी शूटिंग रेंज पर पहुंचकर निशाना लगाया।
नई शूटिंग रेंज की गई तैयार
जौहड़ी की दादी प्रकाशो तोमर और चंद्रो तोमर के संघर्ष पर बन रही फिल्म में नई शूटिंग रेंज को जौहड़ी में कैसे तैयार किया गया है। इसके लिए शूट शनिवार को मोदीपुरम की रॉयल पार्क कॉलोनी में किया गया। वहां पूरी यूनिट पहुंची और सैट तैयार कर करीब चार बजे शूटिंग रेंज के लिए काम किया गया। शूटिंग रेंज को तैयार करने में द्रोणाचार्य स्पोर्ट्स एकेडमी के दीपक विहान, अंकुर सिंह आदि ने भी सहयोग किया।
कई बार नोकझोंक
सुरक्षा की दृष्टि से बाहर गेट पर आठ दस बाउंसर तैनात किए गए है। इस बीच वहां पहुंचे शूटिंग रेंज के कुछ लोगों से भी उनकी नोकझोंक हुई। फिल्म की शूटिंग देखने आ रहे लोगों का कहना है कि बाहर बाउंसर बदसलूकी कर रहे हैं।
छाता लगाकर निकली तापसी और भूमि
शनिवार की शाम करीब चार बजे एक दृश्य के लिए तापसी पन्नू और भूमि अपने देशी लुक में छाता लगाकर बाहर आईं। बाहर शूट के दृश्य में एक बच्चे को गोद में लेकर उसके साथ दृश्य भी शूट किया।
18 अप्रैल को पीटीएस में होगी शूटिंग
फिल्म की अगली शूटिंग शहर में 18 अप्रैल को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय में होगी। इसके बाद कुछ सीन की शूटिंग हस्तिनापुर और मवाना में होगी।