हर आयु वर्ग के लोगों के लिए तीन लाख से ज्यादा किताबें उपलब्ध
हर आयु के लोग खरीद रहे किताबें
मेरठ। लोगों में पढ़ने की आदत डालने के लिए दिल्ली की एक संस्था ने शहर में बुक फेयर शनिवार से शुरू हुआ। गढ़ रोड स्थित सम्राट हेवन्स होटल में तीन दिवसीय इस ड्रीम बुक फेयर में हर वर्ग और रुचि के पाठकों के लिए तीन लाख से ज्यादा किताबें उपलब्ध हैं।
मेले के आयोजक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि लोगों के पढ़ने की आदत को बढ़ाने के लिए किताबें सस्ती बेची जाती हैं, ताकि ग्राहक ज्यादा किताबें लेकर जाएं और उन्हें पढ़ें। साथ ही उन्होंने बताया कि किताबों को अलग-अलग सेक्शन में बांटा गया है, जिसमें प्रीमियम सेक्शन और हिंदी साहित्य सेक्शन खास है। उन्होंने बताया कि हिंदी साहित्य की किताबों को लोग ज्यादा पसंद कर रहें हैं और ज्यादा खरीद रहें हैं। फेयर में किताबें किलो के हिसाब बिक रहीं हैं। किताबों की कीमत 100 रुपये से शुरू है। एक किलो किताबें 400 रुपये में मिल रहीं है। कुछ किताबों पर 30 प्रतिशत की छूट दी गई है। बच्चों के लिए एक अलग सेक्शन बनाया गया है। फेयर में 20 से अधिक तरीके की किताबें उपलब्ध हैं। साथ ही कॉमिक बुक्स, एनीमे बुक्स सहित प्रेरणादायी किताबें उपलब्ध हैं। सभी आयु के लोग पहले व दूसरे दिन बड़ी संख्या में पहुंचे और किताबों की खरीदारी की। फेयर सुबह 11 बजे से रात 8 बजे तक खुला रहेगा।