संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के सरधना गंगनहर पुल से गंगनहर में छलांग लगाने वाले व्यक्ति का शव सोमवार शाम मढियाई के पास मिल गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान दौराला थाना क्षेत्र के मवीमीरा गांव निवासी 40 वर्षीय दिनेश कुमार उर्फ टिंकू पुत्र सोनाथ सिंह के रूप में हुई है।
बताया गया कि बृहस्पतिवार को दिनेश कुमार दौराला गंगनहर पुल पर पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उन्होंने अपनी शॉल और चप्पल पुल पर उतारीं और गंगनहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो दौराला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक वह पानी के बहाव में आगे बढ़कर डूब चुका था। पुलिस ने पहचान के लिए सोशल मीडिया के माध्यम से सूचना प्रसारित की।
शुक्रवार को परिजनों ने उसकी पहचान दिनेश कुमार उर्फ टिंकू के रूप में की। इसके बाद से परिजन दौराला व नानू गंगनहर पुल के आसपास डटे रहे, जबकि पुलिस गोताखोरों के साथ लगातार तलाशी अभियान चलाती रही।
सोमवार शाम को मढियाई के पास गंगनहर में शव दिखाई देने पर पुलिस ने उसे बरामद कर लिया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि नानू पुल से कुछ दूरी पर मढियाई के पास गंगनहर से शव बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।