- झिटकरी में गुरुद्वारे के पास मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। झिटकरी गांव में रविवार सुबह रजबहे में 60 वर्षीय मजदूर का शव मिला। मृतक की पहचान मेहरमति मीणा गांव निवासी हरिकिशन पुत्र रामलाल के रूप में हुई। वह शुक्रवार को मजदूरी के लिए घर से निकला था और इसके बाद से लापता था। परिजनों ने शनिवार को थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। दो दिन बाद उसका शव झिटकरी के जंगल में रजबहे से मिला। वह वहां कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
मेहरमति मीणा गांव निवासी हरिकिशन मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। उसके बड़े भाई तिलकराम ने बताया कि शुक्रवार सुबह हरिकिशन मजदूरी के लिए घर से निकला था। इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन सुराग नहीं लगा।
शनिवार को परिजनों ने सरधना थाना पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। रविवार सुबह झिटकरी गांव के कुछ किसान खेतों की ओर जा रहे थे। गुरुद्वारे के पास रजबहे में उन्हें एक शव दिखाई दिया। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को रजबहे से बाहर निकलवाया। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी। बाद में सूचना मिलने पर हरिकिशन के परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की। हरिकिशन का शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि हरिकिशन की गुमशुदगी शनिवार को दर्ज की गई थी। वह झिटकरी कैसे पहुंचा और रजबहे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।