-शहर कोतवाली के गांव मौजीपुर का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। तीन दिन से लापता चल रहे बुजुर्ग का शव रविवार को छोइया नदी में पड़ा मिला। आशंका जाहिर की जा रही है कि डूबने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव मौजीपुर निवासी भगवत (85) बृहस्पतिवार की सुबह घर से खेत पर गए थे। शाम तक भी घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की। जब कहीं पता नहीं चला तो शहर कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।
रविवार की सुबह खेतों के पास से गुजर रही छोइया नदी में बुजुर्ग भगवत का शव पड़ा मिला। शहर कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची। शहर कोतवाल ने बताया छोइया के पानी में डूबने से मौत हुई है। उधर, शव मिलते ही घर में मातम छा गया।