कंकरखेड़ा। थाना क्षेत्र की सैनिक विहार कॉलोनी में 13 वर्षीय आठवीं कक्षा का छात्र सोमवार लगभग छह बजे घर में स्थित बाथरूम में बेसुध पड़ा मिला। परिजन ने उसे अस्तपाल मेें भर्ती कराया। यहां देर रात उसकी मृत्यु हो गई। परिजन का कहना है कि छात्र के गले में स्कूल का आईकार्ड पड़ा था। छात्र का बाथरूम में पैर फिसला और आईकार्ड की डोरी बाथरूम की खूंटी से अटक गई। गले में फंदा लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि छात्र के पिता मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के रहने वाले हैं। वे बीएसएफ में त्रिपुरा में तैनात हैं। परिजनों ने पुलिस को बताया कि छात्र शाम के समय ट्यूशन से आने के बाद बाथरूम में कपड़े बदलने के लिए चला गया था। जब काफी देर तक वह बाथरूम से बाहर नहीं आया तो उसकी मां बाथरूम में गईं। वहां छात्र बेसुध हालत में पड़ा था। मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। अंदर का नजारा देखकर मां की चीख निकल गई। अस्पताल में छात्र को मृत घोषित करने पर परिजनों का रोकर बुरा हाल हो गया। कंकरखेड़ा थाना प्रभारी विनय कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया। सीओ दौराला का कहना है कि फिलहाल बच्चे का शव अस्पताल में है। पिता के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बीएसएफ जवान के दो भाई यूपी पुलिस में तैनात बताए गए हैं।