सरधना। कस्बा पुलिस चौकी के पीछे शनिवार की सुबह 50 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला। मृतक की पहचान सरफराज पुत्र शमशाद निवासी मोहल्ला लालकुआं के रूप में हुई है।
शनिवार की सुबह स्थानीय लोगों ने कस्बा पुलिस चौकी के पीछे गली में एक शव पड़ा देखा। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव बिना पुलिस कार्रवाई के अपने साथ ले गए। मृतक के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार रात सरफराज मेरठ रोड पर किसी काम के लिए गया था, लेकिन रात में वह वापस नहीं आया। बताया कि वह अक्सर रात में कहीं रुक जाता था। इस कारण परिजनों ने उसकी तलाश भी नहीं की।
बताया जा रहा है कि सरफराज के मुंह से खून निकल रहा था, जिससे उसकी मौत पर संदेह जताया जा रहा है। हालांकि, मृत्यु का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। आशंका जताई जा रही है कि मौत स्वाभाविक नहीं हो सकती, लेकिन इस संबंध में परिजनों ने किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई नहीं की। परिजन बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए और सुपुर्द ए खाक कर दिया।
सीओ सरधना संजय कुमार का कहना है कि मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।