फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

UP: जुदाई का डर और जीने की चाह खत्म... परिवारिक स्थिति कमजोर; गोद भराई से एक दिन पहले फंदे से लटके प्रेमी युगल

Mon, 01 Dec 2025 09:57 AM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, बिजनौर

सार

यूपी के बिजनौर जिले में प्रेमी-युगल के शव फंदे पर लटके मिले हैं। पुलिस ने कहा कि युवक और उसकी प्रेमिका ने आत्महत्या की है। परिवार वाले युवती का रिश्ता कहीं और तय कर रहे थे। युवती की गोद भराई से एक दिन पहले युवक और युवती ने खुदकुशी कर ली।
 
विज्ञापन
bijnor suicide - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

बिजनौर के जमालुदीनपुर गांव निवासी अंशु (21) और शिवानी (18) के शव शहतूत के पेड़ से फंदों पर लटके मिले। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद प्रेमी युगल के आत्महत्या करने का दावा किया है। बताया कि शिवानी की शादी कहीं ओर तय करने की बात चल रही थी। सोमवार को लड़का पक्ष के लोग शिवानी को देखने के लिए आने वाले थे। इससे पहले ही युवती ने प्रेमी के साथ अपनी इहलीला समाप्त कर ली।
विज्ञापन


रविवार की सुबह लोगों ने गांव के पास ही शहतूत के पेड़ पर एक लड़का और लड़की के शव लटके देखे। सूचना पर गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीण मौके की और दौड़े। लोगों ने उनकी शिनाख्त गांव निवासी अंशु पुत्र रवि कुमार और शिवानी पुत्री रामवीर के रूप में की। 

एएसपी देहात प्रकाश कुमार और चांदपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव वालों ने बताया कि अंशु स्नातक का छात्र था और नौकरी के लिए घर पर रहकर आनलाइन कोचिंग से तैयारी कर रहा था। 
विज्ञापन
Trending Videos

जिस खेत में पेड़ पर दोनों के शव लटके मिले हैं, वह खेत अंशु के घेर के बेहद नजदीक है। एएसपी देहात ने बताया कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, मगर लड़की के परिवार वाले उसकी शादी अंशु के बजाए चांदपुर के पास एक गांव में करना चाहता थे। 
 

शिवानी के पसंद आने पर गोदभराई की रस्म की तैयारी की थी
छह दिन पहले उस लड़के को देखने भी गए थे और अब सोमवार को वह शिवानी को देखने के लिए आने वाले थे। परिजनों ने शिवानी के पसंद आने पर गोदभराई की रस्म की तैयारी की हुई थी। बताया कि शिवानी इस रिश्ते को लेकर तनाव में थी और शनिवार रात में किसी समय दोनों ने घर से निकलकर आत्महत्या कर ली।
 

दोनों सजातीय, परिवारिक स्थिति कमजोर
मृतक अंशु का एक बड़ा भाई बाहर निजी क्षेत्र में काम करता है, छोटा भाई पढ़ाई कर रहा है। बहन नहीं है। पिता रवि कुमार कम जोत के किसान हैं और मेहनत मजदूरी करते हैं। मृतक शिवानी के भाई और पिता भी मेहनत मजदूरी करते हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं हैं। शिवानी पढ़ाई नहीं कर रही थी।

पेड़ पर भूत का मचा शोर, पहुंचे ग्रामीण तो देखे शव
गांव जमालुदीनपुर में रविवार की सुबह दो किशोर जंगल की तरफ जा रहे थे कि अचानक पेड़ पर नजर पड़ते ही उनकी चीख निकल गई, दोनों गांव की तरफ भागकर आए और बताया कि पेड़ पर भूत लटके हुए है। लोगों ने जाकर देखा तो गांव के ही युवक अंशु व युवती शिवानी के शव पेड़ पर लटके थे।

 

अंशु पढ़ाई में रहता था व्यस्त
गांव वासियों व हम उम्र युवकों ने बताया अंशु पढ़ाई में व्यस्त रहता था। घर से बाहर कम ही घूमता था। कभी ऐसा नहीं लगा यह इस तरह का काम कर सकता है।

 

युवती के पिता ने खोई सुध-बुध
शिवानी के गमजदा पिता रामबीर सिंह ने सुध-बुध खोई हुई है। रामबीर सिंह किसी भी बात की कोई जानकारी नहीं दे पाए। हर सवाल के जवाब पर वह बस रो रहे थे।
 

जुदाई के डर से खत्म हो रही जीने की चाह
सलामत रहे तू सदा ये दुआ है मेरी....एक गीत की ये लाइन अब बीते जमाने की बात हो चली हैं। अब जुदाई के डर से प्रेमी युगलों में जीने की चाह ही खत्म हो रही है। साथ रह नहीं सकते तो साथ मरने की तरफ कदम बढ़ा रहे हैं। जिले में दो दिनों से प्रेमी जोड़ों के आत्महत्या का सिलसिला जारी है।

 

रविवार को चांदपुर क्षेत्र के गांव जमालुदीनपुर में अंशु (21) और शिवानी (18) के शव शहतूत के पेड़ पर लटके मिले। पुलिस की जांच में आत्महत्या करना सामने आया। दोनों ने यह कदम इसलिए उठाया कि शिवानी की शादी कहीं और तय होने जा रही थी। इससे पहले शनिवार की सुबह भी धामपुर के गांव पिपला निवासी विपुल ने अपनी प्रेमिका के साथ जहर निगलकर जान दे दी थी।

दोनों अलग-अलग विरादरी के होने के कारण दोनों ने यह कदम उठाया। इन दोनों मामलों के अलावा दो नवंबर को बिजनौर शहर कोतवाली के गांव लक्खीवाला के पास आम के बाग में 19 साल के युवक निखिल और 15 साल की उसकी प्रेमिका के शव मिले थे। पुलिस जांच में प्रेमी युगल के फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात सामने आई थी। एक माह में प्रेम प्रसंग के चलते तीन जोड़ों के जान गंवाने की घटना समाज और उनके परिवारों को झकझोर रही है।
विज्ञापन

युवक और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था। लड़की के परिजन कहीं और शादी तय कर रहे थे। इससे क्षुब्ध होकर दोनों ने फंदे पर लटककर आत्महत्या कर ली है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।- प्रकाश कुमार, एएसपी देहात
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें