थापर नगर निवासी हरप्रीत सिंह ने बताया कि गुरुद्वारे के सामने भूपेंद्र सिंह बेदी का मकान है। वह अपने मकान में निर्माण कार्य करा रहे हैं। घर के बाहर मजदूर बैठे हुए थे। इसी दौरान एक स्कूटी पर सवार युवक आया और सीमेंट के कट्टे के पास मीट फेंककर चला गया। इसकी जानकारी भूपेंद्र सिंह बेदी ने हरप्रीत और अन्य पदाधिकारियों को दी। जिसके बाद अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही, मेरठ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सरदार जीतू सिंह नागपाल मौके पर पहुंचे और हंगामा करना शुरू कर दिया।
सचिन सिरोही का कहना था कि माहौल खराब करने की नीयत से मीट फेंका गया है। 24 घंटे में मीट फेंकने वाला नहीं पकड़ा गया तो वह संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। सदर बाजार पुलिस ने सीसीटीवी की पड़ताल की तो सामने आया कि एक स्कूटी पर सवार होकर युवक आया और मीट फेंक कर चला गया। जीतू नागपाल ने कहा कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि हरप्रीत सिंह की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मकान बेचने के मामले को भटकाने की कोशिश करने का आरोप
अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने पुलिस से कहा कि अभी हिंदुओं की कॉलोनी में मुस्लिम को मकान बेचना बड़ी साजिश है। वहीं इस मामले से भटकाने के लिए गुरुद्वारे के सामने मीट फेंका गया है। लैंड जिहाद करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। सचिन सिरोही ने कहा कि अब से पहले भी गुरुद्वारे के सामने मीट फेंका गया है। ऐसे लोगों को चिंहित करके कार्रवाई की जानी चाहिए।