सरधना। मोहल्ला चौकी चमारान में मृतक बोबी के परिजनों को सांत्वना देते विधायक अतुल प्रधान। स्वयं
- परिवार 50 लाख की आर्थिक सहायता की मांग
सरधना। बॉबी हत्याकांड के बाद मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक अतुल प्रधान पीड़ित परिवार से मिलने उनके निवास पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में वह और पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है। विधायक ने मृतक की पारिवारिक स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार से 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना और हरसंभव सहयोग करना उनकी प्राथमिकता है। इस मौके पर विधायक ने परिवार को निजी तौर पर आर्थिक मदद भी दी और कहा कि किसी भी समस्या के समाधान के लिए वह हर वक्त उपलब्ध हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारियों से बात कर आश्वासन दिलाया कि घटना में शामिल दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भिजवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अपराध और अन्याय को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार और प्रशासन को चाहिए कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जाए। विधायक के दौरे से पीड़ित परिवार को कुछ राहत मिली। वहीं, स्थानीय लोगों ने भी विधायक की मौजूदगी में अपने विचार रखे और न्याय की मांग की।