कमिश्नर के निर्देश पर मुख्य मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण
संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कमिश्नर के निर्देशों के अनुपालन में नगर पंचायत प्रशासन द्वारा हस्तिनापुर कस्बे के मुख्य मार्ग पर अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण, खोखे और विभिन्न निजी व व्यावसायिक संस्थाओं द्वारा लगाए गए बोर्ड और होर्डिंग हटाए गए। टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए मुख्य मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराने का प्रयास किया।
नगर पंचायत के अधिकारियों ने बताया कि कमिश्नर के निर्देश पर कस्बे में मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती थी। इससे राहगीरों और श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। अभियान के तहत सड़क के दोनों ओर पटरियों से अतिक्रमण हटाकर यातायात को सुचारू बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
तीसरे दिन की कार्रवाई में कई संस्थाओं के ऐसे बोर्ड हटाए गए जो बिना अनुमति मुख्य मार्ग पर लगाए गए थे और सड़क की चौड़ाई को प्रभावित कर रहे थे। प्रशासन ने संबंधित लोगों को चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति या संस्था को नियमों का उल्लंघन कर सार्वजनिक मार्गों पर अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।