कन्ट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करते प्रधानाचार्य देवेन्द्र कुमार। (स्त्रोत सं
मवाना। कृषक इंटर काॅलेज में 18 फरवरी से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा तीसरी आंख की निगहबानी में पूर्ण सुचिता के साथ संपन्न होगी। विद्यालय प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक देवेंद्र कुमार ने बताया कि इस बार विद्यालय में हाईस्कूल के 760 एवं इंटरमीडिएट के 878 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की सुचिता के मद्देनजर विद्यालय में डिजिटल कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जो कि जनपदीय कंट्रोल रूम, मेरठ एवं प्रादेशिक कंट्रोल रूम प्रयागराज से कनेक्ट रहेगा। नकलविहीन एवं सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के उद्देश्य से विद्यालय में नाइट विजन ऑडियो विजुअल कैमरों की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, सुचारू विद्युत आपूर्ति, पेयजल, बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग प्रसाधन केंद्र की व्यवस्था करते हुए समस्त तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं।
इसके अतिरिक्त पूर्ण रूप से सुरक्षित स्ट्रांग रूम, परीक्षा कक्ष, कंट्रोल रूम की स्थापना कर ली गई हैं। परीक्षा के दौरान मोबाइल, डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर, ब्लुटूथ, इयर बर्ड आदि डिजिटल उपकरण पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेंगे। किसी भी अनुचित साधन का प्रयोग करते पाए जाने पर उचित कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा समय में किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश विद्यालय परिसर में निषेध रहेगा। इस मौके पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट मनोज कुमार व बाह्य केंद्र व्यवस्थापक मुनीश पाल उपस्थित रहे।