व्हाट्स एप पर वीडियो कॉल करने वाले ने खुद को डीपीआर बताया
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। बीएलओ सोमपाल सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि किसी अज्ञात नंबर से व्हाट्स पर वीडियो काल आई। काॅल करने वाले अपने आपको डीपीआर बताया। इसके बाद उसका फोन हैंग कर खाते से 53 हजार रुपये निकाल लिए। रिपोर्ट दर्ज कर पैसा वापस दिलाने की मांग की है।
बीएलओ सोमपाल सिंह ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह शिक्षा विभाग में कार्यरत है। वर्तमान में एसआईआर में बीएलओ में ड्यूटी लगी है। 4 दिसंबर को अपराह्न 2:00 बजे उसके मोबाइल नंबर पर अज्ञात व्हाट्स एप नंबर से वीडियो काॅल आई। काॅलर ने बताया कि वह डीपीआर बोल रहा है। बोला कि कई बार फोन कर चुका हूं, फोन क्यों नहीं उठा रहे हो। इस पर उसने बताया कि वह एसआईआर के फार्म एकत्र कर रहा है। काॅल करने वाले ने 5 दिसंबर को 11 बजे तहसील में मीटिंग में उपस्थित होने के लिए कहा और कहा कि तुम्हारा मोबाइल नंबर यही है। इस पर उसने काॅलर से कहा कि कहीं उसके साथ फ्राॅड तो नहीं हो रहा है। इस पर काॅलर ने कहा कि बैठक में आना तुम्हें वहीं मिलेंगे। इसी दौरान उसका मोबाइल फोन हैंग कर लिया और उसके बैंक खाते से 53 हजार रुपये चार बार में कट गए। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। रिपोर्ट दर्ज कर रुपये वापस दिलाए जाने की मांग की है।